
चाईबासा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय चाईबासा में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एसडीओ सदर संजय कुमार ने की। इसमें मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में आयोग और झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जारी गाइडलाइन की जानकारी दी गई और पुनरीक्षण की पूरी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
ये रहेंगी महत्वपूर्ण तारीखें
एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इस दौरान पात्र नागरिक नाम जुड़वाने, पता/नाम में संशोधन और अन्य सुधार के लिए निर्धारित फॉर्म के जरिए आवेदन कर सकते हैं।
15 अगस्त को ग्राम सभा में होगा सूची का वाचन
निर्देश के अनुसार 15 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा/वार्ड सभा आयोजित होगी। इसमें BLO प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक वाचन करेंगे और मौजूद मतदाताओं से सूची का मिलान कराया जाएगा। इसके अलावा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं को फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट-2 और कार्यकर्ताओं के माध्यम से पुनरीक्षण अभियान में मदद करें। लोगों को सूची में नाम जोड़ने, त्रुटि सुधार और सत्यापन के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की नींव है, इसमें प्रशासन के साथ दलों की भूमिका भी अहम है। बैठक में व्यापक जनजागरूकता, ग्राम सभा/वार्ड सभा में अधिक भागीदारी और हर पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल करने पर जोर दिया गया।
दलों के प्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
बैठक में मौजूद दलों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए वे सक्रिय रहेंगे।बैठक में कांग्रेस से त्रिशानु राय, भाजपा से रंजन प्रसाद, बसपा से जेम्स हेम्ब्रम, झामुमो से कैसर परवेज और आजसू से अजय महतो उपस्थित थे।

