Home » Jamshedpur Independence Day: गोपाल मैदान में सुबह 9:05 बजे होगा ध्वजारोहण, जिले में रहेगा ड्राई डे

Jamshedpur Independence Day: गोपाल मैदान में सुबह 9:05 बजे होगा ध्वजारोहण, जिले में रहेगा ड्राई डे

15 अगस्त को बंद रहेंगी शराब की दुकानें, पूर्व संध्या पर सम्मानित किए जाएंगे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व उनके परिजन

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur independence day
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि समारोह को पूरी गरिमा, अनुशासन और भव्यता के साथ आयोजित किया जाए।

बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में सुबह 9:05 बजे मुख्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा। समारोह के सफल संचालन के लिए उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया है।

14 अगस्त की शाम सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 15 अगस्त को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला प्रशासन और प्रेस प्रतिनिधियों के बीच मैत्री फुटबॉल मैच भी खेला जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को 14 अगस्त को उनके आवास पर जाकर शॉल और मिष्ठान्न देकर सम्मानित किया जाए। साथ ही जिले में वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई तथा माल्यार्पण सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।

बैठक में परेड की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। 10 अगस्त से परेड का पूर्वाभ्यास शुरू होगा, जबकि 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। 10 अगस्त का अभ्यास पुलिस लाइन में और इसके बाद सभी अभ्यास गोपाल मैदान में होंगे। परेड में आरएएफ, डीएपी (महिला एवं पुरुष), होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड तथा सीआरपीएफ की टुकड़ियों को शामिल करने की योजना है।

मुख्य समारोह स्थल की तैयारी की जिम्मेदारी नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) को सौंपी गई है। जुस्को को मैदान की साफ-सफाई और रखरखाव का दायित्व दिया गया है। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया गया है।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, नगर आयुक्त जेएनएसी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और निजी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Read also Seraikela News: आदित्यपुर की फैक्ट्री में गैस सिलेंडर विस्फोट, पांच मजदूर झुलसे; एक की हालत नाजुक

Related Articles

Leave a Comment