
Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे बिरसानगर निवासी केल्विन लकड़ा और 26 वर्षीय एंजेल गुड़िया बाइक से घूमने निकले थे। सीएच एरिया आर्मी कैंप के पास बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पुलिस पेट्रोलिंग वाहन की मदद से दोनों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया। जांच के बाद चिकित्सकों ने एंजेल गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, केल्विन लकड़ा का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मृत युवती एंजेल गुड़िया मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली थी और जमशेदपुर में रहकर मानगो स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। हादसे की सूचना पुलिस ने उसके परिजनों को दे दी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है।

