
जमशेदपुर : शहर के निजी स्कूलों में अगले शैक्षणिक सत्र की प्रवेश प्रक्रिया अगले महीने से शुरू होने जा रही है। प्रवेश कक्षाओं में बच्चों का दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों को अब जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। सभी निजी स्कूलों में आवेदन ऑनलाइन लिया जाएगा। अधिकतर स्कूल अगले एक-दो सप्ताह में आवेदन की तिथि घोषित कर सकते हैं। प्रवेश के लिए अलग-अलग स्कूलों में सितंबर, अक्टूबर और नवंबर में आवेदन लिए जाएंगे। नवंबर-दिसंबर में प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद 1 से 15 जनवरी के बीच स्कूलों में लॉटरी आयोजित होगी।
लॉटरी में चयनित बच्चों की सूची जनवरी के तीसरे शनिवार को जारी की जाएगी। इसी सूची के आधार पर बच्चों का नामांकन होगा। सबसे पहले साकची स्थित टैगोर एकेडमी ने फॉर्म भरने की तिथि घोषित की है। स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट tagoresociety.in पर ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेंगे। वहीं, अभिभावक स्कूल के ऑफिस फीस काउंटर से 26 अक्टूबर से 14 नवंबर 2026 तक (अवकाश के दिनों को छोड़कर) सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। फॉर्म का शुल्क 300 रुपए निर्धारित किया गया है।
7 हजार सीटों के लिए भरा जाएगा फॉर्म
शहर के निजी स्कूलों में सामान्य वर्ग के बच्चों के लिए करीब 7 हजार सीटें उपलब्ध हैं। इन सीटों के लिए 60 हजार से अधिक आवेदन आने की संभावना है। इस बार कई निजी स्कूल आवेदन शुल्क बढ़ाने की तैयारी में भी हैं। वहीं, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए जनवरी 2026 में ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की संभावना है। जिला शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। आरक्षित सीटों के लिए आवेदन की अधिसूचना दिसंबर में जारी होने की उम्मीद है।
आयु सीमा का रखें ध्यान
- नर्सरी और एलकेजी में प्रवेश के लिए आयु सीमा अलग-अलग हो सकती है।
- आवेदन करने से पहले अभिभावकों को संबंधित स्कूल की आयु सीमा और प्रवेश नियम जरूर देखना चाहिए।
- आवेदन के दौरान जन्म प्रमाणपत्र में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर बच्चे की पात्रता तय की जाएगी।
अभिभावक अभी से तैयार रखें ये दस्तावेज
- बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र
- बच्चे का आधार कार्ड
- बच्चे की पासपोर्ट आकार की तस्वीर
- आवश्यक होने पर मेडिकल कार्ड
- आरक्षित श्रेणी में आवेदन करने वालों के लिए आय प्रमाणपत्र
- स्कूल द्वारा मांगे जाने वाले अन्य आवश्यक दस्तावेज


