
दुमका : झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत रामगढ़ बाजार के साप्ताहिक हाट में रविवार की शाम छेड़खानी के आरोप में ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर बंधक बना लिया। दोनों युवक गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सीरिया गांव के रहने वाले बताए गए हैं। उनकी पहचान विकास राय और रावण मुर्मू के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने दोनों युवकों को रामगढ़ के धोबा गांव स्थित मांझी थान में रस्सी से बांधकर रखा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, ग्रामीण दोनों युवकों के परिजनों को मौके पर बुलाने और गांव में पंचायती के माध्यम से मामले का समाधान करने की मांग पर अड़े हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार शाम साप्ताहिक हाट में दोनों युवक एक युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी कर रहे थे। इस पर वहां मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें धोबा गांव ले जाकर मांझी थान में बांध दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवकों के परिजनों को बुलाने के बाद पंचायती कर मामले का समाधान किया जाएगा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना से संबंधित आगे की कार्रवाई की जाएगी।

