
चाईबासा : रक्षाबंधन के अवसर पर चक्रधरपुर के सिलफोड़ी पंचायत के शांतिनगर में आदिवासी छात्र संघ सिलफोड़ी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हो गया।
फाइनल मुकाबला एवी ब्रदर्स और एफटी ब्रदर्स के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक मैच बराबरी पर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट में एवी ब्रदर्स ने जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। एफटी ब्रदर्स की टीम उपविजेता रही। वहीं पदमपुर एफसी ने तीसरा और शिवास एफसी ने चौथा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता डॉ. विजय सिंह गागराई और विशिष्ट अतिथि के रूप में मुखिया मेलानी बोदरा उपस्थित रहीं। फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और ग्रामीण मैदान में जुटे थे। मुख्य अतिथि ने विजेता, उपविजेता सहित तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को नगद राशि देकर पुरस्कृत किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। फुटबॉल जैसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है। फुटबॉल सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम है। ग्रामीण स्तर पर नियमित रूप से ऐसी प्रतियोगिताएं होनी चाहिए ताकि युवा जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
विशिष्ट अतिथि मुखिया मेलानी बोदरा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से गांव में मनोरंजन के साथ-साथ छिपी हुई प्रतिभाएं भी सामने आती हैं।
इस मौके पर रतनलाल बोदरा, कमेटी अध्यक्ष पुरुषोत्तम बानसिंह, सचिव मांगता बोदरा, कोषाध्यक्ष सुबिल बोदरा, अमित गोप सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

