
धनबाद : महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में खेल और फिटनेस को लेकर उत्साह का माहौल रहा। संस्थान परिसर में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों के साथ कर्मियों और उनके रिश्तेदारों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने जोश और उत्साह के साथ दौड़ में शामिल होकर शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और खेल भावना का संदेश दिया।

आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान समुदाय के बीच खेलकूद के प्रति रुचि बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा। यह प्रतियोगिता चार अलग-अलग वर्गों में आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया।
छात्र वर्ग में प्रतिभागियों के लिए 5 व छात्राओं के लिए 2.5 किलोमीटर की दौड़ हुई आयोजित
छात्र पुरूष वर्ग में प्रतिभागियों के लिए 5 किलोमीटर और छात्राओं के लिए 2.5 किलोमीटर की दौड़ हुई आयोजित हुई। वहीं संस्थान के पुरुष कर्मियों और उनके परिजनों और रिश्तेदारों के लिए 2.5 किलोमीटर तथा महिला कर्मियों और उनके रिश्तेदारों के लिए भी 2.5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में संस्थान के छात्रों, कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

आईआईटी आईएसएम धनबाद में राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में शामिल हुए निदेशक
कार्यक्रम में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा मौजूद रहे। उनके साथ दीप्ति महिला क्लब की अध्यक्ष शंकुतला मिश्रा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. संजय मंडल, कुलसचिव प्रबोध पांडेय और छात्र कल्याण के सहायक अधिष्ठाता उमाकांत त्रिपाठी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। दौड़ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और विजेताओं को आईआईटी आईएसएम धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा तथा शंकुतला मिश्रा ने सम्मानित किया।
खेल अधिकारियों और शारीरिक शिक्षा विभाग ने किया आयोजन
राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के संचालन और समन्वय में खेल अधिकारी डॉ. अनीता कुमारी और अभिषेक वैश्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से भी आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।
शाम को होगा हॉकी मुकाबला, मेजर ध्यानचंद को दी जाएगी श्रद्धांजलि
राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के तहत शाम को हॉकी मुकाबले का भी आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी जाएगी और संस्थान समुदाय के बीच खेल भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
Read ALso- Ranchi Road Accident : रामपुर में ट्रक और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, महिला समेत दो लोगों की मौत

