
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम स्थित मनोहरपुर प्रखंड की छोटानागरा पंचायत के बहदा गांव में रविवार शाम एक भीषण हादसा हो गया। नदी पार करने के दौरान अचानक आए पानी के तेज उफान में तीन लोग बह गए, जिनमें से दो व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक महिला की खोजबीन अब भी चल रही है।
अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बहदा गांव में एक ग्रामीण के निधन पर अंतिम संस्कार में भाग लेने कई संबंधी आए थे। दाह-संस्कार संपन्न होने के बाद मुंडा रोया सिद्धू के माता-पिता बासेन सिद्धू और प्यारी सिद्धू, रिश्तेदार सुनीता सिद्धू एवं सोमवारी सिद्धू समेत कुल छह लोग नदी पार कर ईसापी गांव लौट रहे थे। उसी वक्त पहाड़ी इलाकों में हुई भारी बारिश से नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी के प्रचंड प्रवाह की वजह से तीन लोग अपना संतुलन खो बैठे और बह गए।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की खबर मिलते ही मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज, अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार और प्रखंड प्रमुख गुरुवारी देवगम सहित कई प्रशासनिक प्रतिनिधि बहदा गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, चश्मदीदों के बयान दर्ज किए और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
एक महिला की तलाश जारी
छोटानागरा थाना पुलिस ने सोमवार को मृतक बासेन सिद्धू और प्यारी सिद्धू के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, बहदा गांव के बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। स्थानीय ग्रामीण और पुलिस दल नदी के तटीय इलाकों में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।
Read Also Chaibasa News : मनोहरपुर में पिकअप चोरी कांड का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार, चोरी की गाड़ी बरामद

