Home » Jharkhand Voter List : फर्जी दस्तावेज से मतदाता सूची में नाम जोड़ने का प्रयास, पांच पर प्राथमिकी

Jharkhand Voter List : फर्जी दस्तावेज से मतदाता सूची में नाम जोड़ने का प्रयास, पांच पर प्राथमिकी

by Nikhil Kumar
Jharkhand Voter List
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची :  संथाल परगना क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मिल रही शिकायतों की जमीनी जांच के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार शनिवार को चार दिवसीय दौरे पर साहिबगंज पहुंचे। दौरे के पहले दिन उन्होंने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के बरहरवा प्रखंड का निरीक्षण किया। आहुत गांव में संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के प्रयास से जुड़े मामलों की उन्होंने स्वयं स्थल पर पहुंचकर जांच की।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चिह्नित संदिग्ध व्यक्तियों के घर जाकर उनके निवास, पहचान और मतदाता सूची में पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक संदिग्ध प्रकरण की गहन जांच की जाए और प्रस्तुत दस्तावेजों का संबंधित अभिलेखों से नियमानुसार सत्यापन कराया जाए।

जांच के दौरान आहुत गांव के चार व्यक्तियों रूबेदा बेवा, रबी शेख, पिंटू शेख और सेन्टु शेख द्वारा फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने का मामला सामने आया। बताया गया कि इन अपात्र व्यक्तियों को कॉमन सर्विस सेंटर संचालक मोहम्मद सलीम ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराए थे। मामले में चारों व्यक्तियों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज जमा कर मतदाता सूची में अवैध रूप से नाम शामिल कराने के प्रयास को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, फर्जी दस्तावेज तैयार कर उपलब्ध कराने के आरोप में सीएससी संचालक मोहम्मद सलीम के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।

के. रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची से जुड़े सभी संदिग्ध मामलों में दस्तावेजों और अभिलेखों का सूक्ष्मता से सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर गलत या फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखने के लिए गंभीर शिकायतों की तथ्यपरक एवं निष्पक्ष जांच की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित जिला निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को भी संदिग्ध मामलों में पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फर्जी दस्तावेज के जरिए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का प्रयास करने वाले या ऐसे प्रयास में सहयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

चार दिवसीय संथाल परगना दौरे के दौरान के. रवि कुमार साहिबगंज के अलावा गोड्डा, दुमका और देवघर के विभिन्न क्षेत्रों में भी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित शिकायतों और संदिग्ध मामलों की स्थल जांच करेंगे। इसके साथ ही वे संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा भी करेंगे।

Read Also- Teachers Day : राज्यपाल ने डॉ. राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि, शिक्षकों को दी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं

Related Articles

Leave a Comment