
Jamshedpur : टाटा पिगमेंट्स के प्रांगण स्थित इंद्रधनुष भवन में सोमवार को कर्मचारियों के वेतन संशोधन को लेकर प्रबंधन और यूनियन के बीच महत्वपूर्ण समझौता संपन्न हुआ। सात वर्षों के लिए हुए इस समझौते की प्रभावी अवधि 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2031 तक रहेगी। समझौते में नए और पुराने दोनों ग्रेड के कर्मचारियों को एक साथ शामिल किया गया है।
समझौते के तहत कर्मचारियों के मासिक वेतन में लगभग 8,600 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा अप्रैल 2024 से अगस्त 2026 तक का एरियर कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। इस समझौते से कंपनी के करीब 95 कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
समझौते में कर्मचारियों के लिए 500 रुपये का एनपीएस कैश अलाउंस भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही पीएलआर (परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवार्ड) योजना लागू की गई है, जिसके तहत कर्मचारियों को अधिकतम 550 रुपये का लाभ मिलेगा। इस राशि में अप्रैल 2027 में और वृद्धि किए जाने का प्रावधान है।
समझौते की एक प्रमुख विशेषता यह है कि टाटा पिगमेंट्स के इतिहास में पहली बार औसत रेट ऑफ इंक्रीमेंट (ग्रेड स्ट्रक्चर) में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। यूनियन और प्रबंधन ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
समझौते पर प्रबंधन की ओर से टाटा पिगमेंट्स के प्रबंध निदेशक सरोज कुमार बनर्जी, मुख्य कारखाना प्रबंधक मानित कुमार, प्लांट हेड के. एम. महाराजा, प्रमुख वित्तीय अधिकारी दिनेश अग्रवाल, मुख्य मानव संसाधन पदाधिकारी अंकिता केविन नटाल, हेड एचआर अतुल कुमार शर्मा, चीफ ऑफ मार्केटिंग एंड सेल्स विजेन पटनायक, फाइनेंस एंड अकाउंट्स से हरेंद्र कुमार राय तथा एचआर ऑफिसर विवेक कुमार ने हस्ताक्षर किए।
वहीं यूनियन की ओर से अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कुलबीर सिंह, सत्यानारायण राव, सह सचिव कमलेश कुमार शर्मा, अनिल प्रसाद, कोषाध्यक्ष भुवनेश्वर राम तथा श्रीमती पायो ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
सात वर्षों की अवधि के इस वेतन समझौते को कर्मचारियों के लिए आर्थिक लाभ और भविष्य की सुविधाओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

