
Jamshedpur : विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में तीन अफगानी नागरिकों के नाम शामिल होने का मामला सामने आया है। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान गड़बड़ी मिलने के बाद निर्वाचन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में कैसे शामिल हुए।
अनुमंडल पदाधिकारी अर्नब मिश्रा के अनुसार, मतदाता सूची के सत्यापन के दौरान आसिल खान, मोहम्मद असलम और मोहम्मद इब्राहिम के दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से तीनों को नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं किए जाने पर उनके पासपोर्ट की जांच की गई। जांच में तीनों के अफगानिस्तान का नागरिक होने की पुष्टि हुई। उनके नाम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 286 की मतदाता सूची में क्रम संख्या 30, 31 और 33 पर दर्ज थे।
प्रारूप मतदाता सूची में भी शामिल थे नाम
बताया गया कि तीनों व्यक्तियों ने मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली थी और उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में भी शामिल हो गए थे। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान मामला सामने आ गया। अधिकारियों के अनुसार, जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि इन विदेशी नागरिकों के नाम मतदाता सूची में किस प्रक्रिया के तहत शामिल हुए और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। राज्य में ऐसे अन्य मामलों की आशंका को देखते हुए व्यापक जांच की तैयारी भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मामलों में कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा ने पूरे राज्य में जांच की मांग की
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि इस तरह के मामले पूरे राज्य में सामने आ रहे हैं। उन्होंने मतदाता सूची में शामिल विदेशी नागरिकों के नामों की जांच को जरूरी बताया।

