
Ghatshila: नगर पुलिया के समीप हुई सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्री की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को घाटशिला के गोपालपुर फाटक के नजदीक सड़क जाम कर दी। जाम के कारण घाटशिला-मुसाबनी, मोहंडरा तथा अन्य मार्गों पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन में गोपालपुर सहित आसपास के ग्रामीण और घाटशिला के आम लोग भी शामिल हुए।
बताया गया कि पांच वर्षीय श्रेया सिंह की करीब चार दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वहीं, श्रेया के पिता सुब्रतो सिंह की बुधवार को कोलकाता ले जाने के क्रम में मौत हो गई। पिता-पुत्री की मौत से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने लगे।

परिजनों और ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में घाटशिला में नशामुक्ति केंद्र की स्थापना, क्षेत्र में लगातार हो रही तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर प्रभावी कार्रवाई, परिवार के एक सदस्य को जेएसएलपीएस में सरकारी नौकरी तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन मालिक/पक्ष से 50 लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग शामिल है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे और तेज रफ्तार वाहन चलाने की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण सड़क हादसे हो रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क जाम किए करीब दो घंटे बीत जाने के बावजूद मौके पर पुलिस-प्रशासन के वरीय अधिकारी नहीं पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने घाटशिला थाना प्रभारी, संबंधित अंचल प्रशासन एवं अन्य अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर बातचीत करने की मांग की।
सड़क जाम के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और प्रशासन के मौके पर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा सीओ घाटशिला निशांत अमर घटना पर पहुंचे।

