
Jamshedpur : टीआरएफ कंपनी के कर्मचारियों के लिए बोनस समझौता संपन्न हो गया है। कंपनी प्रबंधन और टीआरएफ लेबर यूनियन के बीच हुए समझौते के तहत कर्मचारियों को 12.44 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी है। इससे कंपनी के करीब 154 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। बोनस की राशि 18 सितंबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई है।
उत्पादन, लाभ और सुरक्षा के आधार पर निर्धारित फार्मूले के अनुसार इस वर्ष कर्मचारियों का बोनस करीब 9.8 प्रतिशत बन रहा था। हालांकि, कर्मचारियों के निरंतर सहयोग, योगदान और मनोबल को ध्यान में रखते हुए यूनियन के अनुरोध पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए 12.44 प्रतिशत बोनस पर सहमति जताई।
समझौते के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम 29,634 और अधिकतम 91,022 बोनस राशि मिलेगी। बोनस समझौते को प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बेहतर औद्योगिक संबंधों की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समझौते पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक उमेश कुमार सिंह, सीएफओ अनिमेष उपाध्याय, सीएचआरओ अभिजीत सिंह, हेड मैन्युफैक्चरिंग रवि राव मांडा, हेड एससीएम सौरभ मेहता, हेड फाइनेंस एंड अकाउंट्स प्रियंका गांगुली व यूनिट लीडर पर्सनल एंड आईआर प्रमोद कुमार ने हस्ताक्षर किए।
वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, महामंत्री अंजनी कुमार, डिप्टी प्रेसिडेंट संजय कुमार, वाइस प्रेसिडेंट बेबी कुमारी, सहायक सचिव नवीन कुमार, मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिया महतो, सुशील कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, राजीव कुमार सिंह, सुब्रता देव और रवि कुमार ने हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद यूनियन ने कर्मचारियों के हित में सकारात्मक और सहयोगात्मक रुख अपनाने के लिए प्रबंधन के प्रति आभार जताया। प्रबंधन और यूनियन ने भविष्य में भी आपसी विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ कंपनी की प्रगति में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

