
Ghatshila: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर 11 सितंबर को घाटशिला में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल का व्यापक असर देखा गया। नगर के मुख्य बाजार स्थित बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत विभिन्न शाखाओं के बाहर कर्मचारी कामकाज छोड़कर धरने पर बैठे और जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का मुख्य मुद्दा ‘5-डे बैंकिंग’ (सप्ताह में पांच कार्यदिवस) को अविलंब लागू करना है। कर्मचारियों ने हाथों में बैनर लेकर प्रदर्शन किया और कहा कि सरकार व आईबीए के साथ कई दौर की वार्ता विफल होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा है।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि देश के 7 लाख से अधिक बैंक कर्मी कार्यभार के भारी तनाव में हैं, ऐसे में बेहतर कार्यक्षमता और स्वास्थ्य के लिए दो दिन का साप्ताहिक अवकाश अत्यंत आवश्यक है।
प्रतिनिधियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो कर्मचारी देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। हड़ताल के कारण शाखाओं में नकद लेनदेन और चेक क्लीयरेंस पूरी तरह बंद रहा, जिससे उपभोक्ताओं और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

