Home » Giridih Crime News : आपसी विवाद में दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर आरोप

Giridih Crime News : आपसी विवाद में दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर आरोप

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर का रहने वाला था युवक, दोस्तों के साथ बंदरकुप्पी गया था मैगी खाने; पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया

by Rakesh Pandey
Giridih Crime News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर निवासी और बोकारो के चतरोचट्टी थाना में एसआई के पद पर तैनात मुसाफिर सिंह यादव के 24 वर्षीय पुत्र ऋतिक यादव की गुरुवार देर रात पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि ऋतिक दोस्तों के साथ मैगी खाने बंदरकुप्पी गया था, जहां किसी बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। इसके बाद करीब 10-15 युवकों द्वारा लाठी-डंडे, फरसा और रड से उसकी बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है।

गंभीर रूप से घायल ऋतिक को देर रात इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस से घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ऋतिक गुरुवार रात दो दोस्तों के साथ गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित बंदरकुप्पी गया था। इसी दौरान वहां कुछ युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आ रहा है कि विवाद से पहले फोन पर किसी युवक के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

आरोप है कि कहासुनी के बाद 10-15 युवकों ने ऋतिक को घेर लिया और लाठी-डंडे व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी युवक वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल के साथ सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। प्रारंभिक जांच में पाल्मा और नावाडीह क्षेत्र के कुछ युवकों से ऋतिक के विवाद की बात सामने आ रही है।

पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Read Also- JSSC-CGL Exam: परीक्षा धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, एक और आरोपी बिहार से गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment