Home » जमशेदपुर में पीएम स्वनिधि योजना को लेकर बैंकों के साथ बैठक, 30 सितंबर तक लंबित आवेदनों के निष्पादन का निर्देश

जमशेदपुर में पीएम स्वनिधि योजना को लेकर बैंकों के साथ बैठक, 30 सितंबर तक लंबित आवेदनों के निष्पादन का निर्देश

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर एक सितंबर से 30 सितंबर तक चल रहे लोक कल्याण मेला के तहत पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति को लेकर नगर निगम कार्यालय में बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव ने की।

बैठक में करीब 10 बैंकों के शाखा प्रबंधक और प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान बैंकों के अनुसार पिकअप, स्वीकृत और लंबित आवेदनों की सूची उपलब्ध कराई गई। अपर नगर आयुक्त ने 30 सितंबर तक सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन कर पथ विक्रेताओं को योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के करीब 700 पथ विक्रेताओं के आवेदन बैंकों के पोर्टल पर पिकअप किए गए हैं। इन आवेदनों को स्वीकृत करते हुए योजना का लाभ देने का निर्देश दिया गया। वहीं, विभिन्न बैंकों की ओर से करीब 500 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनका शीघ्र वितरण कर पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराने को कहा गया।

अपर नगर आयुक्त ने बैंकों में पथ विक्रेताओं के लिए विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेने में परेशानी नहीं हो। कार्यालय की ओर से जिन आवेदनों को दोबारा बैंकों में री-सबमिट किया गया है, उनके लाभुकों को भी योजना का लाभ उपलब्ध कराने को कहा गया।

पीएम स्वनिधि योजना के तहत अब पथ विक्रेताओं को पहली किस्त में 10 हजार रुपये के स्थान पर 15 हजार रुपये, दूसरी किस्त में 15 हजार रुपये के स्थान पर 25 हजार रुपये और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त करने वाले पथ विक्रेताओं को 30 हजार रुपये की क्रेडिट कार्ड सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

बैठक में डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। पथ विक्रेताओं को डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक करने के साथ उनकी दुकानों पर क्यूआर कोड रजिस्टर कराने का निर्देश दिया गया। खाद्य सामग्री बेचने वाले पथ विक्रेताओं का एफएसएसएआई के माध्यम से पंजीकरण कराने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा गया।

अपर नगर आयुक्त ने समय पर ऋण की राशि का री-पेमेंट नहीं करने वाले पथ विक्रेताओं की सूची कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि संबंधित लाभुकों से संपर्क कर बैंकों में राशि जमा कराने के लिए प्रेरित किया जा सके। वहीं, क्रेडिट कार्ड प्राप्त करने वाले पथ विक्रेताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित करने का निर्देश दिया गया, जिससे वे क्रेडिट कार्ड का सही तरीके से संचालन कर सकें।

नगर निगम की ओर से ऐसे पथ विक्रेताओं से भी योजना से जुड़ने की अपील की गई है, जो अब तक पीएम स्वनिधि योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं। उन्हें कार्यालय से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के लिए कहा गया है।

बैठक में एलडीएम कार्यालय के अधिकारी, भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, बंधन बैंक, इंडसइंड बैंक, इंडियन बैंक सहित अन्य बैंकों के शाखा प्रबंधक व प्रतिनिधि तथा सीएमएम मौजूद रहे।

Read also – गोलमुरी में दिनदहाड़े बैंक डकैती के बाद बदमाशों का CCTV मूवमेंट, कोई बाइक से भागा तो कोई रेनकोट पहनकर इत्मीनान से निकला

Related Articles

Leave a Comment