
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र के पतरिया खुर्द में करमा पूजा के दौरान कोयल नदी में डूबे पांचवें किशोर हेमंत कुमार का शव करीब 48 घंटे बाद शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। उसका शव गढ़वा जिले के बेलचंपा क्षेत्र में नदी की धारा में मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही हेमंत के स्वजन भी वहां पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को करम डाल विसर्जन के दौरान पांच किशोर कोयल नदी में डूब गए थे। हादसे के बाद चार किशोरों के शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर के दायरे में मिल गए थे, जबकि हेमंत कुमार का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर एनडीआरएफ की टीम को खोजबीन में लगाया गया।
एनडीआरएफ और पुलिस की टीम गुरुवार से नदी में लगातार तलाशी अभियान चला रही थी। शुक्रवार को तलाशी के दौरान गढ़वा के बेलचंपा इलाके में हेमंत का शव बरामद हुआ। चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
हेमंत का शव बरामद होने के साथ ही कोयल नदी हादसे में मृतकों की संख्या पांच हो गई है। सभी मृतक आपस में दोस्त थे और एक ही गांव तथा मोहल्ले के रहने वाले थे। बताया गया कि करम डाल विसर्जन के दौरान एक किशोर को नदी में डूबता देख अन्य उसे बचाने की कोशिश करने लगे। इसी क्रम में पांचों नदी की तेज धारा की चपेट में आ गए और डूब गए।
Read Also- Giridih Crime News : आपसी विवाद में दारोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर आरोप

