
Jamshedpur : बॉल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा में सोमवार को कक्षा चतुर्थ और पंचम के विद्यार्थियों की माताओं के सम्मान में मातृ पूजन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में मां के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और पारिवारिक संस्कारों की भावना को मजबूत करना था।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी माताओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और प्रेम, सम्मान व आभार व्यक्त किया। इस दौरान मां और संतान के बीच के अटूट रिश्ते को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि मां बच्चे की पहली शिक्षिका और मार्गदर्शक होती हैं तथा उनका स्नेह बच्चे के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
माताओं ने भी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भावनात्मक और गरिमापूर्ण माहौल बना रहा। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों में माता-पिता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और पारिवारिक मूल्यों को विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित निदेशक (शैक्षणिक) डॉ. अशोक सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. सुभश्री सरकार, प्रशासक सचिन कुमार और शैक्षणिक प्रभारी रूबी ठाकुर उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजीव रंजन सिन्हा और सचिव प्रभास कुमार ने मातृ पूजन समारोह की सराहना की। उन्होंने विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कार, पारिवारिक मूल्यों और माता-पिता के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के प्रयासों को सराहनीय बताया।
मातृ पूजन समारोह विद्यार्थियों के लिए भावनात्मक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। कार्यक्रम ने मां के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता के भाव को और मजबूत किया।
Read also – Jharkhand Education : शिक्षक सम्मान समारोह में सबसे पहले सम्मानित हुए कैंडी बेचने वाले जामू शेख, जानें क्यों

