
Jamshedpur : झारखंड के युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने जम्मू में आयोजित 36वीं नेशनल अंडर-17 ओपन चेस चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ अधिराज ने नेशनल अंडर-17 ओपन चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है।
अधिराज ने प्रतियोगिता के सभी 11 राउंड में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और कुल 9 अंक हासिल किए। खास बात यह रही कि पूरे टूर्नामेंट में उन्हें किसी भी खिलाड़ी के हाथों हार का सामना नहीं करना पड़ा। देशभर से चयनित 201 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।
कड़े मुकाबले के बीच अधिराज का चैंपियन बनना झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे पूर्वी सिंहभूम और जमशेदपुर का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। उनकी सफलता के पीछे लगातार मेहनत, अनुशासन और शतरंज के प्रति समर्पण को अहम माना जा रहा है।
अधिराज की इस उपलब्धि पर परिवार, खेल जगत और शुभचिंतकों में खुशी है। राज्य के कई मंत्रियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अधिराज की तस्वीर साझा कर उनकी सफलता पर बधाई दी है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह कामयाबी झारखंड की युवा खेल प्रतिभाओं के लिए भी उत्साह बढ़ाने वाली है।

