
Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर स्थित कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया मौजा में खदान संचालन को लेकर विवाद सामने आया है। खदान संचालक नवीन कुमार सिंह ने सात लोगों पर रंगदारी मांगने, कर्मचारियों को धमकाने और खनन कार्य बाधित करने का आरोप लगाया है। उनकी लिखित शिकायत पर कमलपुर थाना में कांड संख्या 19/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के मुताबिक, ओड़िया मौजा के लायाडीह टोला में खाता संख्या 624 और प्लॉट संख्या 1988 पर आठ एकड़ में फैली खदान का खनन पट्टा अक्टूबर 2027 तक वैध है। आरोप है कि खदान चलाने के एवज में कुछ ग्रामीणों की ओर से रंगदारी की मांग की जा रही थी। नवीन कुमार सिंह ने लक्ष्मीपद मुर्मू, रंजीत मुर्मू, बुलेट हेंब्रम, श्रीराज मुर्मू, गिरीनाथ मुर्मू, परशुराम मुर्मू और द्विजपद मुर्मू समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाया है। उनके अनुसार, करीब तीन महीने पहले तीन लाख रुपये की मांग की गई थी। रकम देने में असमर्थता जताने पर खदान बंद कराने और जान से मारने की धमकी दी गई।
लाठी-डंडे लेकर खदान पहुंचने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 10 सितंबर को कुछ लोग लाठी-डंडे और अन्य हथियार लेकर खदान पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारियों को धमकाया गया। इस दौरान पोकलेन ऑपरेटर किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। खदान में काम बंद रहने के कारण वहां पानी भर गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि दो से तीन करोड़ रुपये मूल्य की पोकलेन (हिताची) मशीन समेत अन्य वाहन पानी में फंसे हुए हैं। खनन कार्य पिछले करीब छह महीने से प्रभावित होने के कारण लाखों रुपये का नुकसान होने की बात भी कही गई है।
पुलिस ने गांव पहुंचकर की जांच
कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि खदान संचालक की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गुरुवार को पुलिस टीम ने ओड़िया गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

