
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एस आर रूंगटा बी-डिवीजन लीग में आज टाउन क्लब चाईबासा ने एनसीसी बड़ा जामदा को 4 विकेट से हरा दिया।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नेशनल क्रिकेट क्लब बड़ा जामदा ने 30 ओवर में 7 विकेट पर 269 रन बनाए। ओपनर प्रवीण साहनी ने 13 चौके और 9 छक्के की मदद से 136 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। ऋषि राज सिंह ने 8 चौके और 2 छक्के के साथ 75 रन बनाए और प्रगति कुमार ने 25 रन का योगदान दिया। टाउन क्लब की ओर से कृपा सिंधु चंदन ने 3 विकेट और ओम प्रकाश महतो ने 2 विकेट लिए। पारस नंदी को 1 विकेट मिला।
270 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाउन क्लब ने 21.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 271 रन बनाकर मैच जीत लिया और पूरे 4 अंक हासिल किए। कप्तान और ओपनर सिद्धार्थ अग्रवाल ने मात्र 62 गेंदों पर 14 चौके और 7 छक्के की मदद से 117 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाई। दूसरे ओपनर प्रणय कुमार ने 3 चौके और 4 छक्के के साथ 46 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.3 ओवर में 118 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
प्रणय के आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर आए कृपा सिंधु चंदन ने 7 चौके और 1 छक्के की मदद से 41 रन बनाए और कप्तान के साथ दूसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी कर जीत की नींव रख दी। 241 के स्कोर पर सिद्धार्थ के आउट होने के बाद जामदा के गेंदबाजों ने 4 विकेट जल्दी गिरा दिए, लेकिन तब तक लक्ष्य काफी छोटा रह गया था और टाउन क्लब ने आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।
एनसीसी जामदा की ओर से मोहित चौधरी और आयुष आर्या ने 2-2 विकेट लिए, जबकि कप्तान यशस्वी गौतम और शौर्य सिंह को 1-1 विकेट मिला।
प्रतियोगिता में कल राइवल क्लब गुवा का मुकाबला चक्रधरपुर के शाह स्पोर्ट्स अकादमी से होगा।
Read Also Chaibasa News : चक्रधरपुर में ब्लॉक-अंचल ऑफिस परिसर की होगी घेराबंदी, विधायक ने की नींव पूजा

