
Jamshedpur : श्री श्री राममंदिर दुर्गा पूजा समिति, टेल्को के तत्वावधान में मंगलवार को महानवमी के पावन अवसर पर मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पूजा, आरती, पुष्पांजलि और सामूहिक हवन का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं नवरात्र का व्रत करने वाले भक्तों ने भाग लिया। हवन और पूर्णाहुति के साथ नवरात्र अनुष्ठान संपन्न हुआ।
महानवमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से कुँवारी कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नौ कन्याओं का पूजन कर मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। मंदिर के पुरोहित जीवानन्द मिश्रा ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। कलश स्थापना करने वाले श्रद्धालुओं और नवरात्र का व्रत रखने वाले भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
आज सिंदूर खेला के साथ मां को दी जाएगी विदाई
समिति की ओर से बताया गया कि बुधवार, 21 अक्टूबर को प्रातः महिला श्रद्धालुओं द्वारा सिंदूर खेला का आयोजन कर मां दुर्गा को नम आंखों से विदाई दी जाएगी। इसके बाद समिति की ओर से भव्य विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। विसर्जन जुलूस में मंदिर समिति के सभी सदस्य एक ही रंग के परिधान में शामिल होंगे, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।
दुर्गोत्सव को पूरे उत्साह, श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न कराने में श्री राममंदिर समिति, टेल्को के सभी प्रतिनिधियों एवं सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

