
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग पर मैगजीन के पास देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस भीषण दुर्घटना में हिलटॉप डाकघर के पोस्टमास्टर काली चरण माझी की जान चली गई, वहीं उनके साथ बाइक पर सवार सीआईएसएफ के जवान राउतु मरांडी गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
इस हादसे के बाद से पूरे किरीबुरू और हिलटॉप इलाके में मातम पसर गया है। मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमास्टर काली चरण माझी और सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी किसी जरूरी काम से मोटरसाइकिल पर सवार होकर किरीबुरू बाजार आए थे। बाजार का काम निपटाने के बाद दोनों वापस अपने घर हिलटॉप लौट रहे थे। रास्ते में मैगजीन के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सेल अस्पताल, किरीबुरू ले जाया गया।
अस्पताल में पोस्टमास्टर काली चरण माझी की नाज़ुक हालत को देखते हुए सीएमओ डॉ. नंदी जिराई और डॉ. पी.आर. सिंह समेत पूरी मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की। डॉक्टरों ने सीपीआर (CPR) देकर उनकी सांसें लौटाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दूसरी ओर, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए एंबुलेंस द्वारा राउरकेला स्थित इस्पात जनरल अस्पताल (IGH) रेफर कर दिया गया। इस घटना की खबर मिलते ही सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट मयूर एंगले अपने अन्य अधिकारियों और जवानों के साथ तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवान को बेहतरीन इलाज मुहैया कराने और सुरक्षित रूप से राउरकेला भेजने की व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई।
पोस्टमास्टर काली चरण माझी के आकस्मिक निधन से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में उनकी पत्नी और एक छोटा बेटा है। इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है। स्थानीय नागरिक मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट कर रहे हैं और घायल जवान के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।

