जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” और “वसुधैव कुटुंबकम” के संकल्प को साकार करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) बिहार दिवस के अवसर पर देश भर के 75 जिलों में ‘स्नेह मिलन समारोह’ का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में, भाजपा जमशेदपुर महानगर के द्वारा 27 मार्च को माइकल जॉन ऑडिटोरियम, बिस्टुपुर में भव्य ‘स्नेह मिलन समारोह’ आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम बिहार और झारखंड की साझा सांस्कृतिक विरासत को उजागर करने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और आरा के विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह शिरकत करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और बिहार विधान परिषद के सदस्य बबलू गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।
समारोह की तैयारियां पूरी, प्रवासी बिहारी समाज होगा सम्मानित
बुधवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, कार्यक्रम के प्रदेश सह संयोजक शैलेन्द्र सिंह, जिला महामंत्री संजीव सिंह, कार्यक्रम के जिला संयोजक विजय तिवारी और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने इस मामले में जानकारी दी। सुधांशु ओझा ने बताया कि गुरुवार को होने वाले इस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन बिहार और झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर, रीति-रिवाजों और परंपराओं का उत्सव मनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस समारोह में प्रवासी बिहारी समाज के लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। प्रवासी समाज के बुद्धिजीवियों को सम्मानित किया जाएगा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार और झारखंड की कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की जाएगी। साथ ही, सहभोज का आयोजन भी होगा, जहां लोग बिहार और झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।
बिहार-झारखंड के साझा इतिहास को मजबूत करेगा आयोजन
कार्यक्रम के प्रदेश सह संयोजक शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि बिहार के करीब 2 करोड़ प्रवासी देश के विभिन्न हिस्सों में निवास करते हैं। यह ‘स्नेह मिलन समारोह’ उनके लिए अपनी जड़ों से जुड़ने, अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने और एकजुटता का संदेश देने का एक अनूठा मौका है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि झारखंड कभी बिहार का अंग था, इसलिए दोनों राज्यों की संस्कृति, परंपराएं और रीति-रिवाज एक-दूसरे से गहरे रूप से जुड़े हुए हैं। यह समारोह दोनों राज्यों के बीच साझा इतिहास और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करेगा।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने शहर के सभी प्रवासी बिहारी समाज के लोगों से इस आयोजन में भाग लेने और इसे सफल बनाने की अपील की है।

