
चाईबासा : आगामी 14 अक्टूबर को गोइलकेरा हाट मैदान में आयोजित होने वाली शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि सह श्रद्धांजलि सभा की सफलता को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को गोइलकेरा स्थित आदिवासी कला संस्कृति भवन में कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की रूपरेखा तय करते हुए जिम्मेदारियों का आवंटन किया गया।स्थानीय पदाधिकारियों की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, एकजुटता और पूर्ण अनुशासन के साथ काम करने का आह्वान किया।
शहीद देवेंद्र माझी के विचार आज भी दिशादर्शक : जोबा माझी
सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी हम सभी के आदर्श हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा और जन-अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया और अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनके विचार और सिद्धांत आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा को ऐतिहासिक और सफल बनाना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि अतिथियों के स्वागत, प्रोटोकॉल के पालन और सभा स्थल की तमाम व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की चूक न हो।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आगमन प्रस्तावित
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि श्रद्धांजलि सभा में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके साथ ही राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कार्यकर्ताओं को विशेष सजगता और जिम्मेदारी के साथ व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर झामुमो के जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, प्रखंड अध्यक्ष गणेश बोदरा, सचिव अघना कंडुलना, मुखिया उदय चेरेवा, महिला मोर्चा से सुखमती बानरा, आनंदपुर प्रखंड अध्यक्ष सिलबीरयुस तिर्की, हरीश बोदरा, कांडे बरजो, मरियम चेरेवा, रानी लागुरी, सिकंदर जोंको, शिवा नायक, दिनेश नायक और रविंद्र सरदार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

