
नई दिल्ली: चीन में इन दिनों सरकार में शामिल मंत्री मुश्किलों में हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू भी गायब हो गए हैं।
जापान में संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत रहम एमानुएल ने दावा किया है कि चीनी रक्षा मंत्री को पिछले दो हफ़्तों से सार्वजनिक स्थानों पर देखा नहीं गया है। उन्होंने अपनी चिंता सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जाहिर की है।
इससे पहले चीनी न्यूज एजेंसी ने कहा था कि शी जिनपिंग ने रक्षा मंत्री के सामने सुरक्षा और स्थिरता को लेकर बातें रखी थीं। बता दें कि इससे पहले चीन की सेना के शक्तिशाली रॉकेट फोर्स के जनरल भी गायब हो गए थे। हालांकि चीनी सरकार की ओर से अभी तक इस विषय पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गयी है।
29 अगस्त को आखिरी बार देखे गए थे रक्षा मंत्री
न्यूज रिपोर्ट के अनुसार चीनी रक्षा मंत्री को आखिरी बार 29 अगस्त, 2023 को देखा गया था, जब उन्होंने बीजिंग में हुए चीन- अफ्रीका पीस ऐंड सिक्योरिटी फोरम की बैठक में हिस्सा लिया था। लेकिन इसके बाद वे कहीं भी नजर नहीं आए।
विदेश मंत्री भी हो चुके हैं गायब
चीन मे हाल के वर्षों में मंत्रियों व अधिकारियों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले चीन के विदेश मंत्री किन गैंग के गायब होने की खबरें चर्चा में थी। किन गैंग का अचानक गायब होना आज भी लोगों के लिए अबूझ पहेली बना हुआ है। दरअसल, उन्हें अभी तक सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है। किन गांग को हटाने के बाद शी जिनपिंग ने रॉकेट फोर्स के जनरल ली यूचाओ और जनरल लियू गुआंगबिन को भी बर्खास्त कर दिया था।
जैक मा भी अचानक हुए थे गायब:
चीन में मंत्रियों से पहले चीनी के प्रमुख कारोबारी और अली बाबा के फाउंडर जैक मा भी इसी तरह गायब हो गए थे। उन्हें करीब तीन साल तक सार्वजनिक जगहों पर नहीं देखा गया था। बाद में वे बहुत कम देखा गया।
हालांकि बाद में अलीबाबा के स्वामित्व वाले अखबार ने कहा कि वह हांगकांग में कुछ समय बिताकर आए थे, जहां उन्होंने दोस्तों से मुलाकात की। इसके बाद वे कुछ जगहों पर नजर आए।

