मुंबई: बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता मुकुल देव का 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। बीते कुछ समय से बीमार चल रहे मुकुल देव ने 23 मई 2025 की रात अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि अभिनेता विंदू दारा सिंह ने की है।
लंबे समय से बीमार चल रहे थे मुकुल देव
विंदू दारा सिंह के अनुसार, मुकुल देव पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्होंने कहा, “मुकुल एक शानदार कलाकार और अद्भुत इंसान थे। माता-पिता के निधन के बाद उन्होंने खुद को अकेले कर लिया था। वो घर से बाहर नहीं निकलते थे और किसी से मिलते-जुलते भी नहीं थे।”
फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर
मुकुल देव के निधन की खबर से सिनेमा जगत में गहरा शोक है। विंदू दारा सिंह ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया और कहा कि “#SonOfSardaar2 में मुकुल का अंतिम गाना दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान लेकर आएगा।”
दीपशिखा नागपाल ने जताया गहरा दुख
टीवी एक्ट्रेस दीपशिखा नागपाल ने मुकुल देव की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मुकुल ने कभी अपनी बीमारी का जिक्र नहीं किया। उन्होंने बताया, “हमारे व्हाट्सएप ग्रुप में मुकुल कभी-कभी एक्टिव रहते थे, लेकिन कुछ दिनों से वो बिल्कुल शांत थे। मैं सुबह से उन्हें कॉल कर रही हूं, इस उम्मीद में कि वो जवाब देंगे।”
1996 में ‘दस्तक’ से की थी बॉलीवुड में शुरुआत
दिल्ली में जन्मे मुकुल देव ने अपने करियर की शुरुआत 1996 में टीवी सीरियल ‘मुमकिन’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘दस्तक’ फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसमें उनके साथ सुष्मिता सेन नजर आई थीं। उन्होंने ‘वजूद’ (1998), ‘कोहराम’ (1999), ‘मुझे मेरी बीवी से बचाओ’ (2001), ‘सन ऑफ सरदार’, ‘जय हो’ और ‘आर.. राजकुमार’ जैसी कई फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं।
बहुभाषी फिल्मों और टीवी शोज में काम
मुकुल देव ने हिंदी फिल्मों के अलावा पंजाबी, बंगाली, मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया था। टीवी पर भी उन्होंने ‘एक से बढ़कर एक’, ‘कहानी घर घर की’ और ‘घरवाली ऊपरवाली’ जैसे चर्चित शोज में अभिनय किया। उन्हें फिल्म ‘यमला पगला दीवाना’ में दमदार अभिनय के लिए 7वें अमरीश पुरी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
Read Also- Jharkhand News : सरजोमहातू में भक्तों ने अंगारों पर चल दिखायी भक्ति

