Home » Baba Dham: अब नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार!बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शीघ्र दर्शनम के लिए बन रहा नया फुट ओवरब्रिज

Baba Dham: अब नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार!बाबा बैद्यनाथ मंदिर में शीघ्र दर्शनम के लिए बन रहा नया फुट ओवरब्रिज

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर : बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रशासन शीघ्र दर्शनम व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नया फुट ओवरब्रिज बना रहा है। इसमें करीब 70 लाख रुपये खर्च आएगा। यह ओवरब्रिज जुलाई तक बनकर तैयार होने की उम्मीद है। इसके शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं को बाबा मंदिर में जल्द और आसानी से दर्शन करने में सुविधा होगी।

प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावणी मेला और भादो मेला शुरू होने से पहले इसे चालू कर दिया जाए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। अभी तक निर्माण कार्य का लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

अभी शीघ्र दर्शनम की लाइन प्रशासनिक भवन के ओवरब्रिज से होकर लक्ष्मी नारायण मंदिर और उमा भवन के पास जाकर सामान्य कतार में मिल जाती है। इससे कई बार भीड़ बढ़ जाती है और श्रद्धालुओं के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए जिला प्रशासन और पंडा धर्म रक्षिणी सभा ने मिलकर नया रास्ता तैयार करने का फैसला लिया है।

नई व्यवस्था के तहत शीघ्र दर्शनम की कतार पूरी तरह अलग रहेगी। श्रद्धालु महाकाल भैरव मंदिर के सामने से नीचे उतरकर नीलचक्र के किनारे होते हुए सीधे गर्भगृह तक पहुंच सकेंगे। इससे उन्हें सामान्य लाइन में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और समय की भी बचत होगी।

मंदिर में शीघ्र दर्शनम के लिए सामान्य दिनों में 300 रुपये और श्रावणी मेला, भादो मेला, महाशिवरात्रि जैसे खास अवसरों पर 600 रुपये शुल्क लिया जाता है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार करना पड़ता था, जिससे लोग नाराज भी होते थे।

सूत्रों के अनुसार नई व्यवस्था से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। जो लोग ट्रेन या फ्लाइट के सीमित समय में दर्शन करना चाहते हैं, उन्हें इसका सबसे ज्यादा फायदा होगा। प्रशासन का मानना है कि हर साल बढ़ रही भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था जरूरी थी।

Read Also: JTDC Tourism: झारखंड का अनोखा टूरिज्म, जहां के लिए होती है एडवांस बुकिंग; पालन करना होता गाइडलाइंस

Related Articles

Leave a Comment