रांची : विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय महामंत्री बजरंग बागड़ा 13 मई को दो दिवसीय झारखंड प्रवास पर रांची पहुंच रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे विहिप कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग बैठकों में मुलाकात करेंगे।
विहिप झारखंड प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र ने जानकारी दी कि बजरंग बागड़ा 13 मई को सुबह 10 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित होटल ग्रीन एकर्स में अधिवक्ताओं के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे हटिया में आयोजित समरसता संगोष्ठी में भाग लेंगे और शाम 6 बजे मोराबादी में व्यावसायिक वर्ग के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। 14 मई को उनके कार्यक्रम में प्रांत टोली बैठक, पत्रकार वार्ता और हरमू क्षेत्र में मंदिरों के पुजारी एवं पुरोहितों के साथ बैठक शामिल है। उनका यह दौरा विहिप की सांगठनिक मजबूती, सामाजिक समरसता और धार्मिक समन्वय के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

