नई दिल्ली: Bakrid 2025: बकरीद को लेकर देशभर में मुस्लिम समुदाय जोर-शोर से तैयारियों में जुटा है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर की गाजीपुर की बकरा मंडी में खूब रौनक देखी जा रही है। यहां की मंडी में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से बड़ी संख्या में बकरे पहुंचे हैं। मंडी में अलग-अलग नस्लों, रंगों और वजन के बकरे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत ₹50,000 से ₹10 लाख तक पहुंच रही है।
गाजीपुर मंडी का स्टार बना ‘शेर खान’
गाजीपुर मंडी में इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में है ‘शेर खान’ नाम का बकरा, जिसकी ऊंचाई 46 इंच और वजन करीब 160 किलो है। यह बकरा राजस्थान के कुचली क्षेत्र की गुजरी नस्ल का है। शेर खान की कीमत इसके मालिक ने ₹1.25 लाख रखी है, लेकिन उम्मीद है कि यह इससे कहीं अधिक में बिकेगा।
शेर खान की डाइट भी है खास
शेर खान को सामान्य चारे के अलावा किशमिश, काजू और बादाम खिलाए जाते हैं। उसकी शानदार डाइट और भारी-भरकम शरीर की वजह से लोग न सिर्फ उसे देखने आ रहे हैं, बल्कि सेल्फी लेने के लिए भी भीड़ जुट रही है। बकरे के मालिक का कहना है कि “मंडी में शेर खान जैसा कोई और बकरा नहीं है।”
24 घंटे चल रही है खरीदारी, तोतापुरी बकरों की मांग
गाजीपुर मंडी के प्रधान गुलफाम के अनुसार, इस मंडी में मेवात के तोतापुरी बकरों की सबसे ज्यादा मांग रहती है। सामान्य दिनों में मंडी दोपहर 2 बजे तक खुलती है, लेकिन बकरीद से पहले यह 24 घंटे चालू रहती है। अभी से भारी भीड़ देखी जा रही है और लोगों में जबरदस्त उत्साह है।
कई राज्यों से आते है बकरे
गाजीपुर बकरा मंडी के प्रधान गुलफाम ने बताया कि यह मंडी दिल्ली-एनसीआर की सबसे बड़ी मंडियों में से एक है, जहां हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से भी बकरे आते हैं। सबसे ज्यादा डिमांड और कीमत मेवात के तोतापुरी बकरे की होती है। बकरों की कीमत उनकी नस्ल के आधार पर 50 हजार रुपये से लेकर 5 लाख या 10 लाख तक भी चली जाती है।

