Chaibasa (Jharkhand) : भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने शुक्रवार को चाईबासा पहुंचकर भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत देने वाले ऐतिहासिक जीएसटी सुधार लागू किए हैं। इन सुधारों का सीधा लाभ किसानों, विद्यार्थियों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण समाज को मिल रहा है।
किसानों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत
सांसद साहू ने बताया कि हालिया समीक्षा में कई आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम की गई हैं।
- कृषि उपकरण, खाद-बीज और कीटनाशक पर टैक्स घटाकर किसानों को राहत दी गई है।
- किताबें, स्टेशनरी और पढ़ाई से जुड़ी सामग्री पर कम टैक्स लगाकर विद्यार्थियों को सहूलियत दी गई है।
- स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों पर टैक्स कम कर आम जनता की जेब का बोझ हल्का किया गया है।
- कपड़ा, जूते-चप्पल और सिलाई-बुनाई सामग्री पर कम दर से ग्रामीण और गरीब परिवारों को सीधी राहत मिलेगी।
- खिलौने और खेलकूद सामग्री को सस्ता कर बच्चों और युवाओं को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया गया है।
विपक्ष पर साधा निशाना
सांसद साहू ने कहा कि विपक्ष हर उस सुधार का विरोध करता है जो आम जनता के हित में है। जबकि सच्चाई यह है कि जीएसटी ने व्यापार में पारदर्शिता बढ़ाई है, राजस्व वृद्धि में मदद की है और रोजगार सृजन में बड़ा योगदान दिया है।
भाजपा का लक्ष्य जीएसटी को और सरल बनाना
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि जीएसटी को और अधिक सरल और जनहितैषी बनाया जाए ताकि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और जनता को लगातार राहत मिलती रहे।
प्रेस वार्ता में रहे कई नेता मौजूद
प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद और जिला अध्यक्ष संजय पांडेय भी मौजूद रहे।

