
बोकारो : जिले के चास में बाल सुधार गृह (ऑब्जर्वेशन होम) से बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की खबर सामने आई है। इन बच्चों को एहतियातन क्वारंटाइन कर दिया गया है। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग ने मोर्चा संभाल लिया है। यहां रह रहे 26 से अधिक बच्चों में अचानक वायरल बुखार, खांसी और बहुत ज्यादा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। मामला सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत बाल सुधार गृह पहुंची और सभी बच्चों की जांच शुरू की। तबीयत बिगड़ने पर पहले 20 और फिर 16 अन्य बच्चों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी की जांच की। प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाएं देने के बाद ज्यादातर बच्चों को वापस सुधार गृह भेज दिया गया।
3 बच्चे सदर अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती
तीन बच्चों की हालत थोड़ी अधिक खराब होने की वजह से उन्हें फिलहाल सदर अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती रखकर इलाज किया जा रहा है। एहतियात के तौर पर कुल 36 बच्चों को क्वारंटाइन (अलग-थलग) किया गया है ताकि संक्रमण दूसरे बच्चों में न फैले।
स्थिति पर नजर रख रहे बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि घबराने या चिंता करने की कोई बात नहीं है। यह मौसम में बदलाव के कारण होने वाला सामान्य बुखार (मौसमी बीमारी) है।
बाल सुधार गृह के भीतर ही बनाया गया अस्थायी हेल्थ सेंटर
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बाल सुधार गृह के भीतर ही एक अस्थायी हेल्थ सेंटर तैयार कर दिया गया है, जहां डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने सभी बीमार बच्चों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट भी आ चुकी है। सिविल सर्जन ने साफ किया है कि सभी बाल कैदी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है और सुधार गृह में साफ-सफाई व स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Read Also: Bokaro Cyber Crime: बोकारो पुलिस की साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,बिहार के 9 आरोपी गिरफ्तार

