
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित एसआर रूंगटा बी-डिविजन क्रिकेट लीग में चाईबासा क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंडस कोल्टस चाईबासा को 68 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चाईबासा क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में दमदार प्रदर्शन कर एकतरफा जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम अपने ग्रुप में चार अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है।
राहुल राज की अर्धशतकीय पारी से चाईबासा ने बनाया 200 रन
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चाईबासा क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 200 रन बनाए। टीम की ओर से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए राहुल राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 69 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए।
वहीं, आर्यन सिंह ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 37 रन बनाए। अभिनव सिंह ने 27, रोहित बरजो ने 16, विकेटकीपर बल्लेबाज मनु राज ने 15 और पियुष कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया।
फ्रेंडस कोल्टस की ओर से राकेश गागराई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 28 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि अतुल यादव ने 45 रन देकर तीन विकेट झटके। गाजी अली को दो विकेट मिले।
132 रन पर सिमटी फ्रेंडस कोल्टस की टीम
201 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंडस कोल्टस चाईबासा की टीम चाईबासा क्रिकेट क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 25 ओवर में 132 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से तंजील नोमान ने 22, गौरव कुमार ने 18, भूपेंद्र बालमुचू ने 15, गगन विक्रांत टोपनो ने 14 और यश राज ने 12 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से राहुल राज ने गेंदबाजी में भी अपना जलवा दिखाते हुए 23 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। तेज गेंदबाज अमित राज सिंहदेव ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वहीं, दाएं हाथ के लेग ब्रेक गेंदबाज पियुष त्यागी ने दो विकेट चटकाए।
ग्रुप में शीर्ष पर पहुंचा चाईबासा क्रिकेट क्लब
इस जीत के साथ चाईबासा क्रिकेट क्लब अपने ग्रुप में चार अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ फ्रेंडस कोल्टस चाईबासा दूसरे स्थान पर खिसक गया है।
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा के मद्देनजर 18 से 22 अक्टूबर तक प्रतियोगिता में अवकाश रहेगा। लीग का अगला मुकाबला 23 अक्टूबर को फ्रेंडस क्लब चाईबासा और मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब के बीच खेला जाएगा।

