चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद चुनाव के बीच शहर का सियासी माहौल गर्म हो गया है। भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ. विजय सिंह गागराई के एक महिला समर्थक के घर पर अज्ञात तत्वों द्वारा कथित तौर पर धमकी भरा पोस्टर चिपकाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
मामले को गंभीर बताते हुए डॉ. गागराई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे चुनावी माहौल को प्रभावित करने की साजिश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बढ़ते जनसमर्थन से घबराए विरोधी इस तरह की हरकतों पर उतर आए हैं।
उन्होंने कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ रहे हैं और जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। ऐसे में भय का वातावरण बनाकर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जो निंदनीय है। डॉ. गागराई ने बताया कि इस संबंध में स्थानीय थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित कराने की अपील की है। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।


