
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक की स्थापना को लेकर पहल तेज कर दी गई है। गुरुवार को नई दिल्ली से आई केंद्रीय टीम और राज्य के अधिकारियों ने अस्पताल में बने ब्लड बैंक का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ब्लड बैंक की संरचना, अलग-अलग कक्षों, जरूरी दस्तावेजों और लगाए गए उपकरणों की गहन जांच की। ब्लड स्टोरेज सेंटर की तकनीकी व्यवस्थाओं और मानकों का भी मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण रिपोर्ट अब केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
केंद्र से हरी झंडी मिलते ही ब्लड बैंक का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में लंबे समय से ब्लड बैंक की मांग उठ रही थी। मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुब्रत कुमार मिश्र और स्थानीय विधायक सुखराम उरांव के संयुक्त प्रयास से इसकी आधारभूत संरचना तैयार की गई है। इसे विधायक सुखराम उरांव और सीएमएस डॉ. एस.के. मिश्र का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
फिलहाल चक्रधरपुर और आसपास के मरीजों को खून की जरूरत पड़ने पर जमशेदपुर या राउरकेला जाना पड़ता है। आपात स्थिति में समय पर रक्त न मिलने से मरीजों की जान पर बन आती है। स्थानीय स्तर पर ब्लड बैंक शुरू होने से हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इमरजेंसी में तुरंत रक्त उपलब्ध हो सकेगा।
निरीक्षण के समय अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की पूरी टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने कहा कि सभी मानक पूरे कर लिए गए हैं। मंजूरी मिलने की पूरी उम्मीद है।
रेलकर्मियों सहित आम लोगों को मिलेगा फायदा
ब्लड बैंक शुरू होने से न सिर्फ रेलकर्मियों बल्कि आम लोगों को भी फायदा होगा। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा का बड़ा अभाव दूर होगा और गंभीर मरीजों का समय पर इलाज संभव हो पाएगा।
Read Also: Chaibasa News: नेटवर्क की समस्या होगी दूर, जल्द ही विकास की पटरी पर दौड़ेगा गुदड़ी प्रखंड

