Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता समीर दास के बड़े पुत्र मिलन दास (30) की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
गौरतलब है कि मिलन दास अपने दोस्तों के साथ बड़ामारा गांव में क्रिकेट खेलने गया था। खेल खत्म होने के बाद वह बाइक से वापस अपने घर केरूकोचा लौट रहा था। इसी दौरान बड़ामारा और मुढ़ाल गांव के बीच स्थित पुलिया के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से जा टकराई।

हादसे में मिलन दास गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ बैठा चंदन सिंह सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टर साहिबा सोरेन ने मिलन दास को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक समीर कुमार मोहंती अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
वहीं, थाना प्रभारी राजेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है।इस हादसे के बाद परिवार और गांव में मातम का माहौल है। मिलन दास की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

