चतरा : झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत इटखोरी थाना क्षेत्र में बक्शा डैम से गोवंश के तीन कटे हुए सिर मिले, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही इटखोरी थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों सिरों को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। इधर घटना से नाराज ग्रामीणों ने नगवां चौक के पास इटखोरी-चतरा मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। ग्रामीण मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।
इस तरह की घटना इलाके में पहली बार होने के कारण लोगों में भारी गुस्सा है। स्थिति को नियंत्रित करने और जाम हटाने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने मामले की छानबीन भी शुरू कर दी है। अंत में डीएसपी सुनील कुमार सिंह के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया। डीएसपी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।इसके बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा शांत हो गया है। जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

