चतरा : झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत इटखोरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल है। यह दुर्घटना हजारीबाग रोड स्थित करनी इलाके के पास हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सिलाड़ गांव निवासी मिथलेश भुइयां, धुना गांव निवासी पंकज भुइयां और सिलाड़ गांव निवासी नीरज कुमार भुइयां एक ही बाइक पर करनी से धुना गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर बुरी तरह फेंका गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मिथलेश भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पंकज भुइयां को स्थानीय लोग इलाज के लिए अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। तीसरे घायल नीरज कुमार भुइयां को स्थानीय लोगों की मदद से इटखोरी स्वास्थ्य उपकेंद्र में भर्ती कराया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज- अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है, जिसने बाइक को टक्कर मारी थी। घटना से मृतकों के गांवों में मातम पसर गया है।
Read Also- RANCHI RAIL NEWS : रांची रेल मंडल की 2 ट्रेनें रद्द, 10 ट्रेनों के रूट में किया गया परिवर्तन

