
jamshedpur : टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उर्फ टुन्नू चौधरी की धर्मपत्नी रेणुका चौधरी का रविवार दोपहर पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। शोकाकुल माहौल में परिजनों, शुभचिंतकों और शहर के प्रबुद्ध लोगों ने नम आंखों से उन्हें अपनी अंतिम विदाई दी। इससे पूर्व उनके आवास से जब अंतिम यात्रा निकली, तो दिवंगत आत्मा के अंतिम दर्शन और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। अंतिम यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। रेणुका चौधरी की अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि में शहर के तमाम राजनीतिक, सामाजिक और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सैकड़ों लोग दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे प्रमुख लोगों में पूर्व विधायक अरविंद सिंह, आदित्यपुर के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, पूर्व डिप्टी मेयर अमित सिंह उर्फ बॉबी सिंह, इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, सतीश सिंह, पुरेंद्र नारायण सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और श्रमिक नेता मौजूद रहे। सभी ने इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवार और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया तथा अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि रेणुका चौधरी पिछले लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रही थीं। बेहतर इलाज के लिए उन्हें गुरुग्राम स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असामयिक और दुखद निधन से जमशेदपुर और आदित्यपुर के श्रमिक, सामाजिक तथा राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

