
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र में जारी मुसलाधार बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। लगातार बारिश के कारण मनोहरपुर-रांची मुख्य पथ पर स्थित कुड़ना गांव के पास पानी के प्रचंड प्रहार से एक पुलिया ध्वस्त हो गई, जिससे मनोहरपुर और आनंदपुर प्रखंड के साथ-साथ रांची का बीच का सीधा सड़क संपर्क टूट गया है।
जलस्तर बढ़ने से टूटा संपर्क
मिली जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण स्थानीय नदियों और नालों का जलस्तर उफान पर है। कुड़ना गांव के निकट बने कॉजवे (पुलिया) पर अचानक जलकुंभी और तेज बहाव का दबाव इतना बढ़ा कि पूरी संरचना ढह गई। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस बल तैनात, लोगों से सतर्कता की अपील
हादसे का समाचार मिलते ही स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक अमला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर क्षतिग्रस्त मार्ग के पास आवाजाही रोक दी गई है और लोगों को डाइवर्टेड रूट या सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों के आसपास जाने का जोखिम न उठाएं।
वैकल्पिक मार्ग की उठी मांग
पुलिया के बहने से क्षेत्रीय ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह सड़क रांची जाने का प्रमुख रास्ता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब वैकल्पिक (डायवर्सन) रास्ता बनाने और पुलिया के पुनर्निर्माण की पुरजोर मांग की है ताकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और दैनिक यातायात बहाल हो सके।
Read Also Chaibasa Accident News: मंझारी में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी फरार


