
रांची : उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एक्शन मोड में है। शुक्रवार शाम को शहर अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे और कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की। इस दौरान उन्होंने बायोमीट्रिक पंजी से कर्मियों के आगमन और प्रस्थान का समय देखा। वहीं अनुपस्थित पाए गए एक लिपिक और राजस्व कर्मचारी को शो-कॉज नोटिस देने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों से कहा कि वे कार्यालय समय से आएं और बायोमेट्रिक हाजिरी को सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवकाश पर जाने से पहले कर्मचारियों को आवेदन की स्वीकृति प्राप्त करनी होगी।
दाखिल-खारिज के लंबित मामलों को निपटाए
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अंचल अधिकारी मुंशी राम से दाखिल-खारिज के लंबित मामलों की जानकारी ली और निर्देश दिया कि इन मामलों का समय पर निष्पादन किया जाए। इसके अलावा पंजी-2 परिशोधन पोर्टल के कार्य में तेजी लाने के लिए भी उन्होंने आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अंचल कार्यालय परिसर का दौरा किया और कार्यालय के आधारभूत ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए अंचल अधिकारी को निर्देश दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से दक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा की। उन्होंने कार्यालय को स्वच्छ रखने की भी सलाह दी। उपायुक्त ने यह भी कहा कि बायोमीट्रिक हाजिरी के माध्यम से कर्मचारियों के कार्यालय आगमन-प्रस्थान के समय की जांच की जाएगी। जिससे कार्य में पारदर्शिता और अनुशासन बना रहे।
पीडीएस दुकानों का निरीक्षण
उपायुक्त के निर्देश पर विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी ने शुक्रवार को बरियातू क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों का निरीक्षण किया। वार्ड 1 और 9 के राशन कार्डधारियों से बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि खाद्यान्न वितरण समय पर हो रहा है। हालांकि, कुछ कार्डधारियों ने चना दाल का वितरण नहीं होने की शिकायत की। जिसे तत्काल सुधारने का निर्देश संबंधित पीडीएस डीलर को दिया गया। उन्होंने सभी डीलरों को वर्तमान माह का खाद्यान्न वितरण शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Read Also-Ranchi city beautification : रांची के चौक-चौराहों का होगा ब्यूटीफिकेशन, कचहरी चौक से होगी शुरुआत

