Chaibasa : पूर्णिमा कुमारी (55 नाबाद) की शानदार बल्लेबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण की बदौलत देवघर ने रांची को रोमांचक मुकाबले में तीन रनों से पराजित कर विजेता होने का गौरव प्राप्त किया।
झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ ने अंतर जिला महिला अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए फाइनल मैच में टॉस रांची के कप्तान ने जीता तथा पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए देवघर की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 100 रन बनाए। देवघर की ओर से सबसे अच्छी बल्लेबाजी पूर्णिमा कुमारी ने की। उन्होंने चार चौके की मदद से 55 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुईं। रांची की ओर से पल्लवी कुमारी ने 16 रन देकर दो विकेट तथा मानसी सिंह ने 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए। कुमारी पलक और शम्पी कुमारी को एक-एक विकेट मिला।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे बीस ओवर खेलकर पांच विकेट के नुकसान पर 97 रन ही जुटा पाई। इस तरह रांची की टीम तीन रन के अंतर से मैच हार गई। रांची की ओर से सोनी कुमारी ने पांच चौके की सहायता से नाबाद 39 रन तथा मानसी सिंह ने तीन चौके की मदद से 25 रन बनाए। देवघर की ओर से गेंदबाजी करते हुए सोनिया कुमारी ने 16 रन देकर दो विकेट हासिल किए। लक्ष्मी कुमारी, जयमाला कुमारी एवं सुनीता कुमारी को एक-एक सफलता हाथ लगी।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव सह जेएससीए एकेडमी के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्राफी के साथ-साथ क्रमशः अस्सी हजार एवं साठ हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। फाइनल मैच के प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार स्वरुप पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार देवघर की पूर्णिमा कुमारी को प्रदान किया गया।
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ ने मुख्य अतिथि राजेश वर्मा, मैच में पर्यवेक्षक की भूमिका निभानेवाले रांची के पूर्व रणजी क्रिकेटर मनोज सिंह, फाइनल के दोनों अंपायर धनबाद के ओम प्रकाश राय एवं मनोरंजन कांजीलाल एवं स्कोरर संदीप रॉय को भी मेंमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में स्वागत भाषण मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने किया।
Read Also: Chaibasa News: मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय में नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का स्वागत

