Home » West singhbhum News : आनंदपुर में ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत प्रथम चरण में 200 साइकिलों का वितरण, विधायक जगत माझी ने कहा- शिक्षा से ही बदलेगा भविष्य

West singhbhum News : आनंदपुर में ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत प्रथम चरण में 200 साइकिलों का वितरण, विधायक जगत माझी ने कहा- शिक्षा से ही बदलेगा भविष्य

राज्य सरकार बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए नि:शुल्क पढ़ाई, मध्याह्न भोजन, पोशाक, छात्रवृत्ति और अब दे रही साइकिल। प्रखंड में 500 छात्रों को मिलेगा लाभ। 

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत मंगलवार को साइकिल वितरण कार्यक्रम हुआ। राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, राजआनंदपुर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा आठ के करीब 200 छात्र-छात्राओं को पहले चरण में साइकिल दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोहरपुर विधायक जगत माझी थे।

शिक्षा ही विकास की कुंजी : विधायक

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक जगत माझी ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने का सबसे बड़ा जरिया है। आज पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं ही कल डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनेंगे। इसलिए सभी को अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए नि:शुल्क पढ़ाई, मध्याह्न भोजन, पोशाक, छात्रवृत्ति और अब साइकिल जैसी सुविधाएं दे रही है। साइकिल देने का मकसद यही है कि घर से स्कूल की दूरी पढ़ाई में रुकावट न बने और कोई भी बच्चा शिक्षा से छूटे नहीं।

विधायक ने छात्राओं से विशेष आग्रह किया कि वे आत्मनिर्भर बनें और शिक्षा के दम पर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने बच्चों से कहा कि सरकार द्वारा दी गई साइकिल का इस्तेमाल नियमित रूप से स्कूल आने-जाने में करें।

प्रखंड में 500 छात्रों को मिलेगा लाभ

जानकारी दी गई कि आनंदपुर प्रखंड में इस योजना के तहत लगभग 500 छात्र-छात्राओं को साइकिल दी जाएगी। पहले चरण में बान्दुनासा, गोयराबेड़ा, हंसाबेड़ा पीएमश्री, राजआनंदपुर उच्च विद्यालय, बेड़ाइचिंडा, रोबोकेरा और चिरुमाठा के उत्क्रमित/राजकीय विद्यालयों के छात्रों को साइकिल मिली। बाकी पात्र विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से वितरण होगा।

छात्राओं ने रखी समस्याएं

कार्यक्रम में छात्राओं ने विधायक के सामने स्कूल में साइकिल स्टैंड, पेयजल और शौचालय की समस्या रखी। इस पर विधायक ने तुरंत अधिकारियों से फोन पर बात कर जल्द समाधान का निर्देश दिया।मौके पर एलआरडीसी अनिल कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड प्रमुख दिलबर खाखा, जिला परिषद सदस्य विजय भेंगरा, बीपीओ अनिल उरांव,बीआरपी एसएन मोहंती सहित शिक्षक, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Read Also Chaibasa News : गुवा में झारखंड मजदूर यूनियन की बैठक, मजदूरों के हक और रोजगार पर मंथन

Related Articles