
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मलेरिया जॉन कहे जाने वाले आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत के पहाड़डीहा गांव में अज्ञात बीमारी के कारण दो मासूम बच्चियों की मौत के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है।मृतकों की पहचान सुदीन मुर्मू की 7 वर्षीय बेटी दीपिका मुर्मू और अर्नन्स किस्कू की 12 वर्षीय बेटी लता किस्कू के रूप में हुई है। दोनों कई दिनों से लगातार तेज बुखार से पीड़ित थीं। इलाज के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और दोनों की मौत हो गई।
मलेरिया की आशंका, जांच जारी
ग्रामीणों को आशंका है कि यह मलेरिया का मामला हो सकता है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मौत की सूचना मिलते ही मनोहरपुर और गोईलकेरा सीएचसी की संयुक्त मेडिकल टीम गांव पहुंची।टीम ने गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच शुरू की है। मेडिकल स्टाफ घर-घर जाकर बुखार, उल्टी, सिरदर्द जैसे लक्षण वाले लोगों के ब्लड सैंपल ले रहा है। मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों की जांच की जा रही है। साथ ही संदिग्ध मरीजों को मौके पर ही दवाइयां दी जा रही हैं।स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि गंभीर मरीजों को तुरंत सीएचसी या जिला अस्पताल रेफर करने की व्यवस्था की गई है। गांव में दवा और ओआरएस का वितरण भी किया जा रहा है।
ग्रामीणों में भय, साफ-सफाई की अपील
दो बच्चों की मौत से गांव में मातम और दहशत है। लोग घरों से कम निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं, पानी जमा न होने दें और मच्छर से बचाव के उपाय अपनाएं।फिलहाल टीम गांव में कैंप कर रही है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सही कारण का पता चल पाएगा।

