Home » जम्मू-कश्मीर चुनावः जम्मू-कश्मीर में AAP का खाता खोलने वाले मेहराज मलिक को जानते है?

जम्मू-कश्मीर चुनावः जम्मू-कश्मीर में AAP का खाता खोलने वाले मेहराज मलिक को जानते है?

इस पर पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने खुशी जताते हुए कहा कि आपने बीजेपी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। 2021 में उन्होंने डीडीसी का चुनाव जीता था।

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जम्मू कश्मीर : दिल्ली, पंजाब, गोवा औऱ गुजरात के बाद अब आम आदमी पार्टी जम्मू-कश्मीर में भी अपने पांव पसारने में सफल रही। सितंबर, 2023 में आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला था। आप पार्टी के उम्मीदवार मेहराज मलिक ने डोडा विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी को 4538 से अधिक वोटों के अंतर से हराया है। इस सीट पर 10 साल पहले बीजेपी का दखल था और उससे भी पहले इस सीट पर कांग्रेस काबिज थी।

इन सबके बावजूद मेहराज मलिक ने आप को जम्मू-कश्मीर में जीत दिलाई है। इस पर पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने खुशी जताते हुए कहा कि आपने बीजेपी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। 2021 में उन्होंने डीडीसी का चुनाव जीता था। डोडा विधानसभा से जीतने वाले मेहराज मलिक तब चर्चा में आए थे, जब 2022 में उन्होंने पहली बार डोडा शहर में विशाल रैली आयोजित की थी।

36 वर्षीय मलिक जिला विकास परिषद् के सदस्य है और अक्सर वे स्थानीय प्रशासन के खिलाफ लोकल मसलों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते है। मलिक पर राजस्व अधिकारियों के ऑफिस को बंद करने और सड़कों को जाम करने के आरोप में पुलिस का भी सामना करना पड़ा था। शुरुआती चरण में मैदान में बीजेपी से गजय सिंह राणा, कांग्रेस की ओर से शेख रियाज अहमद, डीपीएपी से अब्दुल मजीद वानी औऱ आप से मेहराज मलिक थे। हांला कि अंत तक पहुंचते हुए यह मलिक बनाम राणा रह गया।

अपनी जनमानस की छवि के कारण डोडा में मेहराज की पकड़ मजबूत है। निर्वाचन क्षेत्र हमेशा से मुख्य धारा की पार्टियों का गढ़ रहा है, लेकिन मलिक के भ्रष्टाचार विरोधी लड़ाई, सुशासन और जनता की सेवा ने उन्हें इस क्षेत्र का समर्थन दिलाया। मलिक ने उधमपुर से लोकसभा चुनाव में भी हाथ आजमाया था, लेकिन उन्हें मुंह की खानी पड़ी थी।

पोस्ट ग्रेजुएट तक की पढ़ाई करने वाले मलिक ने अपने शपथ पत्र में 29 हजार रुपये की संपत्ति औऱ 2 लाख रुपये का लोन घोषित किया था। उन पर कुछ आपराधिक मामले भी दर्ज है।

Related Articles