
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के डीसी राजीव रंजन की फर्जी फेसबुक आइडी बनाई गई है। इस आइडी का पता जिला प्रशासन को बुधवार को चला। इसके बाद जिला प्रशासन ने उपायुक्त राजीव रंजन के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर “Dc Rajiv Ranjan” नाम से संचालित यह प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है और इसके जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है तथा विभिन्न प्रकार के संदेश भेजे जाने की जानकारी मिली है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी चार बार यहां के पूर्व उपायुक्तों की फर्जी फेसबुक आइडी बनाई जा चुकी है। मगर, अब तक एक बार भी साइबर थाना किसी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं कर पाया है।
जिला प्रशासन ने कहा कि उपायुक्त राजीव रंजन किसी भी नागरिक को अपनी व्यक्तिगत फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट नहीं भेजते हैं। इसके अलावा वे कभी भी आर्थिक सहायता, धनराशि, बैंक विवरण, ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी की मांग नहीं करते हैं। ऐसे में यदि किसी को इस तरह का कोई संदेश, कॉल या अनुरोध प्राप्त होता है तो उस पर बिल्कुल भी भरोसा न करें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि इस फर्जी फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट या कोई संदेश मिले तो उसे तुरंत इग्नोर करें और संबंधित प्रोफाइल को फेसबुक पर रिपोर्ट करें। साथ ही यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी या धोखाधड़ी की आशंका हो तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर थाना को दें।
जिला प्रशासन ने बताया कि इस मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक प्रोफाइल के झांसे में नहीं आने की अपील की गई है।
पूर्व डीसी की भी बनाई गई थी फर्जी फेसबुक आइडी
इसके पहले भी कई डीसी की फर्जी फेसबुक आइडी बनाई गई थी। चार अप्रैल 2024 को तत्कालीन डीसी अनन्य मित्तल की फर्जी फेसबुक आइडी बनाई गई थी। 13 अप्रैल 2025 को फिर अनन्य मित्तल की फर्जी आइडी बनाई गई। इसके अलावा, भी कई डीसी की फर्जी आइडी बनाई गई है।

