रांची : राजधानी में नियमों का उल्लंघन करने और अतिक्रमण करने पर रांची नगर निगम लोगों से फाइन वसूलता है। इसके लिए लगातार अभियान भी चलाए जा रहे है। लेकिन राजधानी में 500 से अधिक लोगों ने रांची नगर निगम द्वारा लगाए गए फाइन को नहीं भरा है। जिससे नगर निगम को 63 लाख नहीं मिला है। जबकि इसके लिए रांची नगर निगम ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को रसीद भी थमाई थी। इतना ही नहीं उन्हें एक समय भी फाइन जमा कराने के लिए दिया गया था। इसके बावजूद लोगों ने गंभीरता नहीं दिखाई। अब नगर निगम उनसे पेनाल्टी के साथ फाइन वसूलने की तैयारी में है। इतना ही नहीं इसे लेकर नगर निगम फाइन नहीं भरने वालों को नोटिस जारी करेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिष्ठानों की लिस्ट तैयार
रांची नगर निगम बकाएदारों से फाइन वसूलने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पहले रांची नगर निगम नोटिस जारी करेगा। इसके बाद दूसरा और फिर तीसरा नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी अगर फाइन नहीं भरा जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमों के तहत सील करने की कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी लिस्ट रांची नगर निगम ने तैयार कर ली है। वहीं दुकानदारों और भवन मालिकों को अब नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
टीम में घट गए थे अफसर
नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम शहर में अतिक्रमण करने या नियमों का उल्लंघन करने पर फाइन काटती है। ऐसे में इंफोर्समेंट टीम ने कुछ महीने पहले ही राजधानी में लोगों पर फाइन लगाया था। इसकी रसीद भी लोगों को थमाई गई थी। लेकिन इस बीच इंफोर्समेंट टीम में से अफसरों को हटा दिया गया। जिसका कारण बताया गया कि उनका कार्यकाल खत्म हो चुका है। इसके बाद मात्र 17 अफसर ही टीम में बच गए थे। जिससे कि इंफोर्समेंट टीम न तो ठीक से अभियान चला पा रही थी। और न ही फाइन की वसूली हो पा रही थी। अब फिर से 28 अफसरों की टीम में वापसी हो गई है। जिससे कि 45 लोगों की पूरी टीम बन गई है।
रात में भी चला रही अभियान
इंफोर्समेंट टीम को चार जोन में बांटा गया है। इसके अलावा रात के लिए भी एक टीम बनाई गई है। अब ये टीम रात में शहर में जांच अभियान चला रही है। रोड पर बिल्डिंग मैटेरियल, अतिक्रमण और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर फाइन लगाने का निर्देश दिया गया है। जिससे कि राजधानी को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके। बता दें कि रांची नगर निगम में कुल 53 वार्ड है। वहीं सवा दो लाख से अधिक हाउस होल्डर रजिस्टर्ड है।

