पलामू : झारखंड के पलामू जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई। यह घटना पाटन थाना क्षेत्र के गहर पथरा मोड़ के पास हुई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लूना को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले किशोरों की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सोले गांव निवासी के रूप में हुई है। मृतकों में फरोज अंसारी उर्फ बुटन (11) तोहिद अंसारी (15) इब्राहिज अंसारी (13) के रूप में हुई है।
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो कार की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लूना मोपेड पर सवार किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो चालक और अन्य सवार मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि इब्राहिज और फरोज एक ही गोतिया परिवार से थे, जबकि तोहिद उनका पड़ोसी था। तीनों के बीच गहरा दोस्ताना संबंध था और अक्सर साथ ही आते-जाते थे।
बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों किशोर लूना पर सवार होकर सोले गांव से बाजार गए थे। वापसी के दौरान गहर पथरा मोड़ के पास अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच (मेडिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फरोज और तोहिद को मृत घोषित कर दिया। वहींअप गंभीर रूप से घायल इब्राहिज को बेहतर इलाज के लिए डॉ. राहुल अग्रवाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ देर बाद उसकी भी मौत हो गई।
Read Also- RANCHI NEWS : स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर SSP सख्त, ऐसा करने का दिया निर्देश

