RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी को तत्काल प्रभाव से विशेष जांच अभियान चलाने का आदेश दिया है। जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों का दौरा कर बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों स्कूल बस, वैन और ऑटो की सघन जांच करेंगे। साथ ही इन वाहनों का पूरा डाटाबेस तैयार कर रिपोर्ट एसएसपी कार्यालय को सौंपेंगे।
ये ली जाएगी जानकारी
जांच के दौरान पुलिस वाहन का निबंधन संख्या, वाहन का प्रकार, मालिक का नाम, संपर्क नंबर और स्थायी पता दर्ज करेगी। यदि वाहन किसी ट्रांसपोर्टर के अधीन संचालित हो रहा है तो उसका नाम, नंबर और पता भी दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा ड्राइवर और असिस्टेंट का नाम, मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों की छायाप्रति भी ली जाएगी।
पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य
एसएसपी ने यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि सभी ड्राइवरों और असिस्टेंट का पुलिस वेरिफिकेशन हुआ है या नहीं। जिन कर्मचारियों का सत्यापन अब तक नहीं हुआ है, उनका वेरिफिकेशन तत्काल शुरू किया जाएगा। साथ ही सभी वाहनों की फिटनेस जांच और बसों के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर स्कूल प्रबंधन से अनिवार्य रूप से वार्ता करने को कहा गया है। एसएसपी ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
घटना के बाद आया आदेश
बता दें कि गुरुवार को कोतवाली थाना में 3 साल की बच्ची के साथ स्कूल ड्राइवर ने ही गलत हरकत की थी। जिससे बच्ची काफी डरी हुई थी। पूछताछ में परिजनों को उसने जब घटना के बारे में बताया तो परिजन तत्काल उसे लेकर थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने भी देर न करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ही एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आदेश जारी किया है।

