जामताड़ा : शनिवार की देर शाम तेलंगाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी के दौरान चार साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। सभी शातिर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह के रहने वाले हैं। पुलिस के हत्थे चढ़े ये आरोपित हजरत अंसारी, मोहम्मद अंसारी, इस्लाम अंसारी और तनवीर आलम हैं।
चार साइबर ठग धराए
तेलंगाना से पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि ये शातिर नौ लाख रुपये की ठगी के मामले में संलिप्त हैं। इनकी गिरफ्तारी को लेकर तेलंगाना पुलिस पिछले दो दिनों से जामताड़ा में कैंप कर रही थी। इसी दौरान लोकेशन के आधार पर छापेमारी के दौरान चारों आरोपित इनके हत्थे चढ़ गए। गिरफ्तारी के दौरान इन साइबर अपराधियों के पास से 12 मोबाइल और 30 सिम कार्ड बरामद हुए हैं।

तेलंगाना साइबर थाना पुलिस की इंस्पेक्टर पी राघवेंद्र ने बताया कि राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कार्यरत साफ्टवेयर इंजीनियर अनिल कुमार को एसबीआई क्रेडिट कार्ड का अधिकारी बनकर इन शातिरों ने फोन किया था और उसके खाते की डिटेल लेकर 900000 रुपये की निकासी कर ली थी।

इस संदर्भ में पीड़ित की ओर से राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तेलंगाना पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया गया था। अनुसंधान के क्रम में पीड़ित को फोन किए गए मोबाइल का लोकेशन जामताड़ा जिले का करमाटांड़ मिला। जिसके आधार पर तेलंगाना की पुलिस यहां छापेमारी को पहुंची थी। देर शाम मेडिकल व अन्य कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तेलंगाना पुलिस सभी आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।
READ ALSO : कराईकेला के जंगल में सुरक्षाबलों ने माओवादी कैंप किया ध्वस्त

